प्राचार्य का संदेश
![]() |
उत्तराखण्ड की देवभूमि की अनुपम प्राकृतिक छटा से आच्छादित, सुरम्य पर्वत श्रृंखलाओं के मध्य अवस्थित लमगड़ा की पावन धरती पर राजकीय महाविद्यालय, लमगड़ा की स्थापना दिनांक 29 सितम्बर, 2014 को उच्च शिक्षा के प्रसार एवं ग्रामीण अंचल के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई। अपनी स्थापना के अपेक्षाकृत अल्पकाल में ही महाविद्यालय ने शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन, नैतिक मूल्यों तथा छात्र-केंद्रित गतिविधियों के माध्यम से क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान स्थापित की है।
वर्तमान में महाविद्यालय में स्नातक स्तर पर हिन्दी, अंग्रेज़ी, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र एवं शिक्षा शास्त्र विषयों का अध्ययन-अध्यापन संचालित है। महाविद्यालय के समर्पित एवं अनुभवी शिक्षक विद्यार्थियों में ज्ञान, कौशल, सृजनात्मकता तथा मानवीय मूल्यों का विकास करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। प्राध्यापकों द्वारा उच्च गुणवत्ता की शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
सीमित संसाधनों एवं आधारभूत संरचनात्मक चुनौतियों के बावजूद महाविद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। कार्यालयीन कार्यों के संचालन हेतु वर्तमान में एक प्रधान सहायक, एक वरिष्ठ सहायक तथा पांच आउटसोर्स कर्मचारी अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं। महाविद्यालय अपने स्थाई भवन में संचालित किया जा रहा है।
महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं में आत्मनिर्भरता हेतु देवभूमि उद्यमिता योजना तथा उच्च शिक्षा प्रोत्साहन हेतु मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना संचालित की जा रही है।
महाविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे उत्तरदायी, संवेदनशील एवं राष्ट्रनिष्ठ नागरिकों का निर्माण करना है, जो ज्ञान, चरित्र, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के आदर्शों पर खरे उतरें। इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कैरियर काउंसलिंग, उन्नत भारत अभियान, इको क्लब, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, ग्राम सर्वेक्षण तथा विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाता है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सहभागिता, आत्मविश्वास, पर्यावरणीय चेतना एवं व्यक्तित्व विकास के गुणों का प्रभावी संवर्धन होता है।
हमारा दृढ़ विश्वास है कि शिक्षा केवल ज्ञानार्जन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, सामाजिक परिवर्तन एवं राष्ट्र निर्माण का सशक्त आधार है। महाविद्यालय परिवार विद्यार्थियों में उत्कृष्टता, नवाचार, नैतिकता एवं आजीवन सीखने की भावना विकसित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
मैं समस्त छात्र-छात्राओं से अपेक्षा करता हूँ कि वे उपलब्ध अवसरों का भरपूर लाभ उठाते हुए अनुशासन, परिश्रम, समर्पण एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने जीवन के उच्चतम लक्ष्यों को प्राप्त करें तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान दें।
मैं हृदय से महाविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल, सफल एवं मंगलमय भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करता हूँ।
प्रोo एचo एसo नयाल
(प्राचार्य)
राजकीय महाविद्यालय, लमगड़ा (अल्मोड़ा), उत्तराखण्ड

